पूर्णपानी तालाब में युवक का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
बिरनी/गिरिडीह: बिरनी प्रखंड अंतर्गत खरखरी पंचायत के खरखरी गांव निवासी अनिल राणा (उम्र लगभग 28 वर्ष), पिता स्व. राजदेव राणा का शव बुधवार की शाम पूर्णपानी तालाब में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अनिल राणा प्रतिदिन की तरह करमाटांड़ स्थित भोला सीमेंट दुकान (प्रेम साव की दुकान) पर गए हुए थे। बताया जाता है कि करीब शाम 4:00 बजे ग्रामीणों ने पूर्णपानी तालाब में एक शव देखा, जिसकी पहचान बाद में अनिल राणा के रूप में की गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन एवं ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिवार के सदस्यों का आरोप है कि अज्ञात लोगों द्वारा अनिल राणा की हत्या कर शव को तालाब में फेंक दिया गया है। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है तथा प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।
सूचना मिलते ही बिरनी थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई। इधर आक्रोशित ग्रामीणों ने सीमेंट दुकान के सामने बरहमसिया मुख्य पथ पर शव रखकर कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दिया।
फिलहाल गांव में मातम का माहौल है और लोग घटना से स्तब्ध हैं।
Raftaar Media | सच के साथ