बिहार विधानसभा के दोनों सदनों के शुरू होने से पहले विपक्ष ने अपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर जोरदार हंगामा किया. विपक्षी दलों ने हाल ही में हुई आपराधिक घटनाओं जैसे कि होली के दौरान मुंगेर और अररिया में पुलिस अधिकारियों की हत्या पर सरकार को घेरने का प्रयास किया.

विपक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से विफल हो गई है और अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है. उन्होंने तख्तियां लेकर विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया और नारेबाजी की. विपक्षी नेताओं ने कहा कि जब पुलिस ही सुरक्षित नहीं है तो आम लोगों की स्थिति क्या होगी? 

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा कि खुलेआम राजधानी के डॉक्टर की हत्या हो रही है. अपराध बढ़ गया है. सरकार अपराधी को संरक्षण दे रही है. यहीं कारण है कि अपराधी नहीं पकड़े जा रहे है. वहीं भाकपा माले की MLC शशि यादव ने कहा जिस तरह से शेल्टर होम से बच्चियां भाग रही हैं अपराधी बेखौफ हैं. लगातार हत्याएं हो रही जिस तरह से डॉक्टर की हत्या कर दी गई. कहीं न कहीं अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है. 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार सभी अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी और किसी भी दोषी को नहीं बख्शा जाएगा. हालांकि विपक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग अपराधियों को संरक्षण दे रहे हैं.