logo

सरायकेला जिले में नगर निकाय चुनाव 2026: नामांकन व नाम वापसी के बाद तस्वीर हुई साफ

 

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में नगर निकाय आम निर्वाचन–2026 के तहत नामांकन एवं नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी तस्वीर स्पष्ट हो गई है। जिले के तीन नगर निकाय क्षेत्रों,आदित्यपुर नगर निगम, सरायकेला नगर पंचायत और कपाली नगर परिषद—में अब अंतिम रूप से मैदान में बचे अभ्यर्थियों की स्थिति सामने आ चुकी है। नाम वापसी के बाद अब सभी क्षेत्रों में चुनावी सरगर्मी तेज होने की संभावना है।

आदित्यपुर नगर निगम: महापौर पद के लिए 9 उम्मीदवार मैदान में

आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में महापौर पद के लिए कुल 12 उम्मीदवारों ने नामांकन किया था, जिनमें से 3 अभ्यर्थियों ने नाम वापस ले लिया। इसके बाद अब 9 प्रत्याशी चुनावी मुकाबले में बने हुए हैं।
नाम वापसी करने वालों में प्रभासिनी कलुन्दीया, शकुंतला महाली और सनातन हांसदा शामिल हैं।वहीं, चुनाव मैदान में बचे अभ्यर्थियों में बारी सोरेन, बास्को बेसरा, बीनोती हांसदा, भुगलू सोरेन, रविन्द्र बास्के, रमेश बालमुचु, सकला मार्डी, सावित्री लेयांगी और संजय सरदार के नाम शामिल हैं।

सरायकेला नगर पंचायत: अध्यक्ष पद पर सात प्रत्याशियों में सीधा मुकाबला

सरायकेला नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए कुल 7 नामांकन दाखिल किए गए थे। नाम वापसी की प्रक्रिया में किसी भी अभ्यर्थी ने नाम वापस नहीं लिया, जिससे सभी सात उम्मीदवार चुनावी मैदान में डटे हुए हैं।अध्यक्ष पद के लिए जलेश कवि, प्रताप आदित्य सिंहदेव, प्रदीप कुमार आचार्य, मनोज कुमार चौधरी, सनंद कुमार आचार्य, सनातन मुंडा और सुमित कुमार चौधरी के बीच मुकाबला होगा।

कपाली नगर परिषद: 11 उम्मीदवारों के बीच होगी अध्यक्ष पद की टक्कर

कपाली नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए कुल 11 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया था। यहां भी नाम वापसी शून्य रही, जिससे सभी 11 प्रत्याशी चुनाव मैदान में बने हुए हैं।
अध्यक्ष पद के दावेदारों में अफसर इमाम, मो. इरफान, मो. गुलजार अंसारी, गुलाम गौस, तसलीमा खातून, एस. एम. ताजदार आलम, परवेज आलम, संतोष कुमार महतो, मो. सरफराज आलम, सरवर आलम और शोभा रानी महतो शामिल हैं।
नामांकन व नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब जिले के तीनों नगर निकाय क्षेत्रों में चुनाव प्रचार तेज होने की उम्मीद है। प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए रणनीति बनाने में जुट गए हैं, वहीं आम जनता की निगाहें आगामी मतदान पर टिकी हुई हैं।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS