‘पूरे भारत में तबाही मचाएंगे’, लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर आमिर जिया की खुली धमकी
पाकिस्तान से एक बार फिर भारत के खिलाफ भड़काऊ बयान सामने आया है। आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) स्थित कमांडर आमिर जिया ने खुले मंच से कश्मीर में आतंक फैलाने और भारत में तबाही मचाने की धमकी दी है।
लश्कर-ए-तैयबा की PoK विंग के एक कार्यक्रम में बोलते हुए आमिर जिया ने भारत के खिलाफ आपत्तिजनक और उकसाने वाली भाषा का इस्तेमाल किया। उसने भारत की ओर इशारा करते हुए कहा कि “गाय की पूजा करने वाला हमारा पड़ोसी हमें धमका रहा है और PoK को फतह करने की बात कर रहा है, लेकिन हम अपनी लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे।”
आमिर जिया ने दावा किया कि वे कश्मीर को “आजाद” कराएंगे और पूरे भारत में हिंसा फैलाएंगे। इस दौरान उसने गजवा-ए-हिंद जैसे कट्टरपंथी नारे का भी जिक्र किया और भारत के खिलाफ सभी आतंकी गुटों को एकजुट होने की अपील की।
बांग्लादेश का भी किया जिक्र
अपने भाषण में आमिर जिया ने कथित तौर पर बांग्लादेश में अपनी विचारधारा के विस्तार की बात भी कही। उसने हाल ही में बांग्लादेश में मारे गए उस्मान हादी का महिमामंडन करते हुए कहा कि वहां उनके सहयोगियों को रोकने की कोशिशें नाकाम होंगी।
पहले भी सामने आ चुकी है धमकी
यह पहली बार नहीं है जब लश्कर-ए-तैयबा की ओर से इस तरह की धमकी दी गई हो। इससे पहले संगठन के बहावलपुर चीफ सैफुल्ला सैफ का भी एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह भारत के खिलाफ जहर उगलते और गजवा-ए-हिंद की बात करता नजर आया था। उस वीडियो में सैफ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत के अन्य नेताओं के खिलाफ भी आपत्तिजनक बयान दिए थे।
आतंकी गुटों ने फिर तेज की गतिविधियां
खुफिया सूत्रों के मुताबिक, मई 2025 में भारत द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान के पंजाब और PoK में मौजूद आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई की गई थी। इस ऑपरेशन में लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद की कई इमारतें तबाह की गई थीं।
हालांकि, ऑपरेशन के करीब सात महीने बाद दोनों आतंकी संगठन फिर से सक्रिय होते दिख रहे हैं। खुफिया एजेंसियों ने अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद ने दोबारा भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है और अपनी संगठनात्मक व ऑपरेशनल गतिविधियों को तेज कर रहे हैं।
Raftaar Media | सच के साथ