खलारी / पवन गुप्ता :खलारी थाना क्षेत्र में रंगों का महापर्व होली इस वर्ष पूरे उत्साह सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों और गांवों में लोगों ने हर्षोल्लास के साथ एक-दूसरे को अबीर–गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली जिससे प्रशासन और आमजन ने राहत की सांस ली।सुबह से ही बच्चों युवाओं और बुजुर्गों की टोलियां सड़कों और गलियों में नजर आईं। ढोल–मंजीरे की थाप पर होली की गीत गूंजते रहे और पूरा वातावरण फागुनी रंग में रंगा रहा। घर-घर में पारंपरिक पकवानों की खुशबू बिखरी रही जिससे पर्व की रौनक और भी बढ़ गई।शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल क्षेत्र में मुस्तैद रहा। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई तथा गश्ती दल लगातार भ्रमण करते रहे। प्रशासन की सतर्कता और लोगों के सहयोग से त्योहार सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।स्थानीय सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और शांति के साथ पर्व मनाने की अपील की थी जिसका सकारात्मक असर देखने को मिला।