logo

Jharkhand के इन दलों पर अब मंडराया मान्यता रद होने का खतरा, चुनाव आयोग ने भेजा नोटिस

रांची/डेस्क: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राज्य के पांच राजनीतिक दलों को नोटिस जारी किया है। इनमें हजारीबाग का आपका हमारा पार्टी, गिरिडीह का बहुजन सदन मोर्चा, पूर्वी सिंहभूम का झारखंड दिशोम पार्टी, रांची का हम किसान पार्टी और झारखंड जनाधिकार पार्टी शामिल हैं।

इन दलों ने पिछले छह वर्षों से न तो लोकसभा और न ही विधानसभा के आम/उप चुनावों में भाग लिया है। निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार, यदि कोई दल लगातार छह साल तक चुनाव नहीं लड़ता है, तो उसे पंजीकृत दलों की सूची से हटा दिया जाता है।

जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 29ए के तहत दलों को पंजीकरण के समय दिए गए नाम, पता और पदाधिकारियों की जानकारी में किसी भी बदलाव की सूचना तत्काल आयोग को देना आवश्यक है।

उक्त दलों से 22 अगस्त तक शपथ पत्र सहित लिखित पक्ष मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, रांची के कार्यालय को भेजने को कहा गया है। इस मामले की सुनवाई 29 अगस्त को सुबह 11 बजे होगी।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय पर जवाब नहीं मिला तो संबंधित दलों का पंजीयन रद्द किया जा सकता है। बता दें कि इससे पहले भी झारखंड के पांच अन्य राजनीतिक दलों का पंजीयन रद्द किया जा चुका है।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS