लखनऊ उत्तर प्रदेश: भारत में भाषाओं की विविधता उसकी ताकत मानी जाती है लेकिन जब यही विविधता टकराव का कारण बन जाए तो सवाल उठना लाजमी है। उत्तर प्रदेश से एक ऐसा ही मामला सामने आया है जहां एक रेस्टोरेंट कर्मचारी से सिर्फ इसलिए बदसलूकी की गई क्योंकि उसे भोजपुरी नहीं आती थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और इसने देशभर में भाषा को लेकर बहस छेड़ दी है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक ग्राहक रेस्टोरेंट कर्मचारी से नाराज होता है और गुस्से में कहता है तुम यूपी में हो यहां भोजपुरी बोलनी ही पड़ेगी! इस पर कर्मचारी शांत रहने की कोशिश करता है लेकिन माहौल गर्मा जाता है। ग्राहक का व्यवहार आक्रामक हो जाता है और वीडियो का अंत बहस में होता है।
भाषा को लेकर बढ़ती असहिष्णुता
यह पहला मौका नहीं है जब भाषा को लेकर विवाद हुआ हो। इससे पहले महाराष्ट्र में मराठी न जानने वालों के साथ बदसलूकी और कर्नाटक में हिंदी के विरोध की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। अब यह घटनाएं उत्तर भारत में भी देखी जा रही हैं जो सामाजिक सौहार्द के लिए खतरे की घंटी मानी जा रही है।
यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
वीडियो को Ghar Ke Kalesh नाम के एक एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट से शेयर किया गया है जिसे अब तक लाखों लोग देख चुके हैं। हजारों लाइक्स और रीट्वीट्स के साथ इस वीडियो पर तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।
एक यूजर ने लिखा भाषा के नाम पर ये गंध मचाना कब बंद होगा?
वहीं एक अन्य ने कहा उत्तर भारत वालों का दिल बहुत बड़ा होता है ऐसी हरकतें उसे छोटा दिखा रही हैं।
कुछ लोगों ने प्रशासन और पुलिस की निष्क्रियता पर भी सवाल उठाए हैं।