फतह सिंह उजाला
गुरुग्राम 18 जुलाई । शनिवार को एक व्यक्ति ने पुलिस चौकी चकरपुर टीम को एक लिखित शिकायत के माध्यम से बतलाया कि एक दिन पहले शुक्रवार को सांय के समय इसका 05 वर्षीय लड़का चकरपुर, गुरुग्राम में इसकी चाय की दुकान के सामने खेल रहा था। जो कुछ समय पश्चात पता नहीं कहां चला गया। उसके बाद 17/18 जुलाई की रात को इसके पास एक फोन आया तथा फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि इसका लड़का उसके पास है तथा बच्चे के बदले 1.5 लाख रुपए की मांग की। इस शिकायत पर पुलिस थाना सैक्टर-29, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।

पुलिस चौकी चक्करपुर व अपराध शाखा सैक्टर-43, गुरुग्राम की पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए उपरोक्त अभियोग में बच्चे का अपहरण करने वाले 02 आरोपियों को शनिवार को चकरपुर, गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान हसनपुर जमान उर्फ रिटोन (उम्र-19 वर्ष) निवासी गांव सूती, जिला मालदा (पश्चिम-बंगाल) वर्तमान निवासी गांव उल्हावास, गुरुग्राम तथा 2. मोनुआर (उम्र-30 वर्ष) निवासी गांव सूती, जिला मालदा (पश्चिम-बंगाल) वर्तमान निवासी शाहीन बाग, जामिया नगर, दिल्ली के रूप में हुई।

आरोपियों से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि ये दोनों (आरोपी) एक ही गाँव के रहने वाले है तथा आरोपी हसनपुर जमान गुरुग्राम में ऑटो रिक्शा चलाता है व आरोपी मोनुआर कोई काम नही करता। ये दोनों आरोपी उपरोक्त अभियोग में शिकायतकर्ता के नाते में रिश्तेदार हैं तथा रुपयों के लालच में इन्होंने उपरोक्त अभियोग की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस टीम द्वारा उपरोक्त आरोपियों को काबू करके इनके कब्जा से बच्चे को सकुशल बरामद किया गया साथ ही आरोपियों द्वारा इस वारदात को अंजाम देने में प्रयोग किया गया 01 ऑटो रिक्शा भी इनके कब्जा से बरामद किया है।