ढाका | ओमप्रकाश तिवारी
दीपावली पर्व को देखते हुए मिठाई दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार, 04 नवंबर 2026 को ढाका बाजार में प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने औचक जांच अभियान चलाया।
इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, सिकरहना श्री विजय कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री अभिषेक कुमार एवं ढाका थानाध्यक्ष श्री राजरूप राय ने बाजार स्थित तीन मिठाई प्रतिष्ठानों की जांच की। इनमें दीपक केविन, गेलार्ड स्वीट्स एवं वैष्णो स्वीट्स शामिल हैं।
जांच के दौरान दुकानों के ट्रेड लाइसेंस, एफएसएसएआई लाइसेंस, साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के रखरखाव एवं हाइजीन से संबंधित बिंदुओं की पड़ताल की गई। जांच में मिठाइयों के निर्माण, रखरखाव और स्वच्छता से संबंधित कुछ कमियां पाई गईं। इस संबंध में संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों से स्पष्टीकरण की कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने दुकानदारों को मिठाई निर्माण स्थल की नियमित साफ-सफाई रखने, गुणवत्तापूर्ण मिठाइयों का निर्माण एवं बिक्री करने तथा खाद्य पदार्थों के उचित रखरखाव और स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य दीपावली पर्व के दौरान बाजार में बिकने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर निगरानी रखना तथा आम लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।