मोतिहारी | ओमप्रकाश तिवारी
जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव की अध्यक्षता में बुधवार को उनके कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय कृषि टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। इसमें कृषि एवं संबद्ध विभागों की ओर से संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही रबी सीजन में विभिन्न फसलों के आच्छादन लक्ष्य, बीज की उपलब्धता और वितरण की स्थिति पर चर्चा हुई।
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी मृणाल शास्त्री ने बताया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत अनुदानित दर पर मटर बीज उपलब्ध कराया गया है। वहीं, राष्ट्रीय खाद्य तेल-तेलहन मिशन के अंतर्गत राई-सरसों प्रत्यक्षण और अनुदानित दर पर बीज प्राप्त हुआ है। दलहन में आत्मनिर्भरता मिशन के तहत मसूर मिनी किट तथा राज्य योजना के अंतर्गत त्रिफसलीय सरसों प्रत्यक्षण और प्रमाणित सरसों बीज भी जिले को प्राप्त हो चुका है।
जिलाधिकारी ने सभी प्राप्त बीजों का वितरण समय पर किसानों के बीच सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया, ताकि किसान निर्धारित समय पर रबी फसलों की बुआई कर सकें।
उर्वरक की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने उर्वरक प्रतिष्ठानों के स्टॉक और वास्तविक उपलब्धता की नियमित जांच कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि उर्वरक की आपूर्ति के बाद कृषि समन्वयक से भौतिक सत्यापन भी कराया जाए, जिससे किसानों को समय पर और सुगमता से उर्वरक मिल सके। जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि जिले में उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। जिलाधिकारी ने नियमित रूप से उर्वरक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करने पर विशेष जोर दिया।
एग्री स्टैक परियोजना के तहत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने शत-प्रतिशत किसानों की फार्मर आईडी जेनरेट कराने का निर्देश दिया। वहीं, प्राकृतिक खेती योजना एवं परंपरागत कृषि विकास योजना की समीक्षा करते हुए राज्य स्तर से प्राप्त लक्ष्यों को निर्धारित समय में पूरा करने को कहा।
बैठक में मिट्टी जांच प्रयोगशाला, कृषि अभियंत्रण, उद्यान, पौधा संरक्षण और मत्स्य विभाग से जुड़ी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी मृणाल शास्त्री, उप निदेशक कृषि अभियंत्रण, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी के प्रतिनिधि, सहायक निदेशक पौधा संरक्षण, सहायक निदेशक बीज विश्लेषण, जिला सहकारिता पदाधिकारी, सभी अनुमंडल कृषि पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।