रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम 

मिहिजाम थाना क्षेत्र के पियालसोला गांव से रहस्यमय तरीके से गायब हुआ 16 वर्षीय किशोर पुलिस की तकनीकी सूझबूझ से सकुशल अपने घर लौट आया। किशोर के अचानक लापता होने पर परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसी दौरान कुछ अज्ञात नंबरों से पैसों की मांग की खबर से मामला बेहद संवेदनशील हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मिहिजाम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान पुलिस के हाथ एक अहम सुराग लगा किशोर द्वारा किया गया डिजिटल लेन-देन। थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि किशोर 28 अगस्त को माता-पिता की डांट से नाराज होकर बिना बताए घर से निकलकर पटना चला गया था। वहां रेलवे स्टेशन के बाहर एक दुकान पर खाना खाने के बाद उसने दुकान के यूपीआई स्कैनर की फोटो अपने मौसा को भेजी और उसी माध्यम से 100 से 200 रुपये मंगाए। पुलिस ने इसी डिजिटल ट्रांजैक्शन को ट्रेस कर लोकेशन निकाली और संबंधित दुकानदार से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस ने किशोर से फोन पर बातचीत की, उसे प्यार से समझाया और सुरक्षित घर लौटने के लिए राजी किया। मिहिजाम लौटने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस की इस डिजिटल सूझबूझ और तत्परता की पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। जांच में अपहरण की बात पूरी तरह गलत साबित हुई। थाना प्रभारी ने स्थानीय लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।