झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना में सुरक्षा की गुहार लेकर पहुंची एक महिला के साथ दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगा है। आरोप थाने में तैनात वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा पर है। पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, घटना के दौरान उसने शोर मचाकर मदद मांगी, लेकिन मौके पर पहुंचे चार पुलिसकर्मी उसे बचाने के बजाय वहां से लौट गये। महिला ने खुद को बचाने के लिए संघर्ष किया, जिसमें उसकी चूड़ियां टूट गयीं और चेहरे पर खरोंच के निशान आ गये। मामले में आरोपी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पीड़िता के बयान के अनुसार, गुरुवार को सब्जी में नमक ज्यादा होने को लेकर उसका पति से विवाद हुआ था। महिला ने आरोप लगाया कि पति ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। रात में पति के व्यवहार से डरकर वह घर से निकल गयी और एसिड कंपनी के पास एक घर में पहुंचकर वहां मौजूद महिला से मदद मांगी। इसके बाद रात करीब 12 बजे गम्हरिया थाना की पीसीआर टीम उसे थाने ले आयी। महिला को रात गुजारने के लिए एक कमरे में ठहराया गया था।
आरोप है कि देर रात थाने में तैनात वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा कमरे में पहुंचा और महिला के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने शोर मचाकर बचाव की गुहार लगायी, लेकिन उसके मुताबिक, मौके पर पहुंचे चार पुलिसकर्मियों ने कोई मदद नहीं की। महिला ने खुद को बचाने के लिए कमरे में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से आरोपी पर वार किया, जिससे उसकी एक उंगली में चोट लग गयी।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि शुक्रवार सुबह एक पुलिसकर्मी ने आरोपी से 700 रुपये लेकर उसे दिये और ऑटो से गम्हरिया रेलवे स्टेशन पहुंचा दिया। उसे मायके जाने के लिए कहा गया। स्टेशन पर महिला की मुलाकात अपने पति से हुई, जहां उसने थाने में हुई कथित घटना की जानकारी दी। इसके बाद शनिवार को उसने गम्हरिया थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज करायी।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने जांच शुरू की। एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के अनुसार, पीड़िता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है। आरोपी वायरलेस ऑपरेटर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भी भेजा गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए रांची से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने कथित घटनास्थल वाले कमरे का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाये। वहीं, मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल यानी एसआईटी गठित की गयी है। थाना प्रभारी संजय प्रसाद समेत पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा भी की गयी है।
एसडीपीओ ने घटना को गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है। अब जांच में यह स्पष्ट होना है कि घटना के दौरान क्या हुआ और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि किन साक्ष्यों से होती है। थाने में सुरक्षा मांगने पहुंची महिला के साथ कथित घटना ने पुलिस व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं।