रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम

चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना में 02 सितंबर को राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 164वीं बैठक का आयोजन किया गया। महाप्रबंधक मोहित चंद्रा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत, सरस्वती वंदना और पुष्पांजलि के साथ हुई। तत्पश्चात महाप्रबंधक द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर राजभाषा पखवाड़ा का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर राजभाषा में उत्कृष्ट कार्य के लिए तीन कर्मचारियों—बामासिस माजि मुख्य कार्यालय अधीक्षक/संपदा, सुतनू लाहा तकनीशियन ग्रेड-III/विद्युत विभाग, डानकुनी और मयंक मधुकर वरिष्ठ लिपिक सह टंकक/कर्षण मोटर, यांत्रिक को महाप्रबंधक के कर-कमलों द्वारा पुरस्कृत किया गया। बैठक में मानक कार्यसूची पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। अपने अध्यक्षीय भाषण में महाप्रबंधक मोहित चंद्रा ने कहा कि हिंदी सरकारी कामकाज की प्रमुख भाषा है। हमारा लक्ष्य दैनिक कार्यालयीन कार्यों को सरल और सहज हिंदी में निष्पादित करना है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लें और अधिक से अधिक कार्य हिंदी में करने का संकल्प लें। समारोह में मुख्य राजभाषा अधिकारी सह प्रधान मुख्य अभियंता अजय कुमार सहित सभी विभागों के विभागाध्यक्ष एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन के बाद राष्ट्रगान के साथ बैठक संपन्न हुई, जिसके पश्चात अधिकारियों के लिए हिंदी क्विज़ प्रतियोगिता आयोजित की गई।