दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
करमाटांड़ प्रखंड क्षेत्र की दो बेटियों ने क्रिकेट के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल कर पूरे जामताड़ा जिले का नाम रोशन किया है। देवघर जिला क्रिकेट संघ की ओर से खेलते हुए पूर्णिमा कुमारी और लक्ष्मी कुमारी का चयन बीसीसीआई की ओर से आयोजित अंडर-19 स्टेट चैंपियनशिप टी-20 2026-27 के लिए झारखंड राज्य क्रिकेट टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ियों के चयन से क्षेत्र के खेलप्रेमियों में खुशी का माहौल है। पूर्णिमा कुमारी दाएं हाथ की बल्लेबाज हैं। उनके पिता हरिनारायण मंडल मुर्गी की छोटी दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। वहीं लक्ष्मी कुमारी दाएं हाथ की ऑफ स्पिन गेंदबाज हैं। उनके पिता तुलसी मंडल खाना बनाने का काम करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद दोनों खिलाड़ियों ने मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। दोनों खिलाड़ियों की सफलता पर विद्यासागर स्पोर्ट्स अकादमी में कोच निवास कुमार मंडल और जिला परिषद प्रत्याशी केल्विन जॉन हेमराम की मौजूदगी में मिठाई बांटकर खुशी मनाई गई। इस दौरान खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। केल्विन जॉन हेमराम ने कहा कि जगन्नाथपुर स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। वहीं कोच निवास कुमार मंडल ने कहा कि स्टेडियम में गर्ल्स हॉस्टल की सुविधा होनी चाहिए, ताकि दूर-दराज से आने वाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण लेने में परेशानी न हो।