दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता करमाटांड़ जामताड़ा।


जामताड़ा जिले के करमाटांड़ प्रखंड अंतर्गत विद्यासागर की होनहार क्रिकेट खिलाड़ी पूर्णिमा कुमारी ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पूर्णिमा ने झारखंड स्टेट अंडर-19 टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाकर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस सफलता से परिवार, खेल प्रेमियों और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।पूर्णिमा कुमारी ने विद्यासागर स्पोर्ट्स अकादमी के कोच निवास मंडल के मार्गदर्शन में क्रिकेट का प्रशिक्षण प्राप्त किया। नियमित अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। कोच निवास मंडल के मार्गदर्शन में अपनी खेल प्रतिभा को निखारते हुए पूर्णिमा ने राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। झारखंड स्टेट अंडर-19 टी-20 क्रिकेट में चयन की खबर मिलते ही परिवार के सदस्यों और शुभचिंतकों में उत्साह छा गया। इस अवसर पर उनके पिता-पुत्र एवं अन्य लोगों ने पूर्णिमा को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामीण एवं स्थानीय लोगों ने कहा कि पूर्णिमा की यह उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणादायक है। इससे यह साबित होता है कि उचित मार्गदर्शन, कड़ी मेहनत और लगन से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं भी राज्य स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं। पूर्णिमा की इस सफलता से विद्यासागर स्पोर्ट्स अकादमी और करमाटांड़ क्षेत्र का मान बढ़ा है। लोगों को उम्मीद है कि वह आगे भी बेहतर प्रदर्शन कर जिले और झारखंड का नाम रोशन करेंगी।