दीपचंद्र दीक्षित, ब्यूरो

फर्रुखाबाद। कोतवाली फर्रुखाबाद क्षेत्र के साहबगंज मोहल्ले में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए नाबालिग नौकर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 20 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवरात और 14 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि घटना की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और संदिग्धों से पूछताछ की गई। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घर में काम करने वाले नाबालिग नौकर के अलावा उसके तीन साथियों—आंसू, पप्पू और संदीप—को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार बरामद सामान में सोने की 14 चूड़ियां, 13 हार, छह कंगन, छह जोड़ी झुमके, दो घड़ियां, ब्रेसलेट सहित अन्य आभूषण शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

गौरतलब है कि 31 अगस्त को साहबगंज निवासी राजेश साध अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाकर मामले का सफल खुलासा किया।

चोरी की घटना का शीघ्र अनावरण करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने टीम को 15 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की।