राजन साहू/कानपुर।* कानपुर में लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम को देखते हुए यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई विमल इलायची और एनसीएस के प्लेऑफ व फाइनल मैच अब कानपुर के बजाय लखनऊ में खेले जाएंगे।0लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन *डॉ. संजय कपूर* ने रविवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्लेऑफ और फाइनल मैच पूर्व निर्धारित तिथियों पर लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होंगे।
डॉ. कपूर ने कहा कि लीग प्रबंधन के लिए खिलाड़ियों के हित, निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा और बेहतर खेल स्थितियां सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। कानपुर में लगातार बारिश के कारण मैच पूरे कराना संभव नहीं हो पा रहा है, जिससे खिलाड़ियों की प्रतिभा और खेल की गुणवत्ता पर असर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा, "प्लेऑफ जैसे निर्णायक मैचों में सभी टीमों को पूरे 20 ओवर खेलने का समान अवसर मिलना जरूरी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में कानपुर में आगे भी बारिश के आसार हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए यह निर्णय बड़े भारी मन से लिया गया है।"
चेयरमैन ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय किसी एक टीम के पक्ष में नहीं, बल्कि खेल की निष्पक्षता को ध्यान में रखकर लिया गया है। लगातार गीली आउटफील्ड से खिलाड़ियों को चोट का खतरा बढ़ सकता है। साथ ही बार-बार मैच बाधित होने और देर रात तक छोटे प्रारूप में मैच कराने से खिलाड़ियों पर शारीरिक और मानसिक दबाव भी बढ़ रहा है।
डॉ. कपूर ने कहा कि लीग प्रबंधन का प्रयास है कि प्लेऑफ में दर्शकों को निर्बाध क्रिकेट देखने को मिले और टीमों को अपनी पूरी रणनीति के साथ खेलने का मंच मिले।
यूपी टी-20 लीग प्रबंधन ने कानपुर चरण के दौरान दर्शकों, खिलाड़ियों, टीमों और प्रशासन से मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर यूपीसीए मीडिया कमेटी के चेयरमैन *मोहम्मद फहीम*, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य *संजीव कुमार सिंह* सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।