बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये की कथित जबरन वसूली और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने उन्हें कड़ी फटकार लगाई है। अदालत में गवाह के तौर पर पेश नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए कोर्ट ने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया को हल्के में नहीं लेना चाहिए। साथ ही नोरा फतेही को नया समन जारी कर 6 नवंबर को पेश होने का निर्देश दिया है।
## कोर्ट में पेश नहीं हुईं नोरा फतेही
मामले की सुनवाई सोमवार, 2 नवंबर को होनी थी। नोरा फतेही को अदालत में बतौर गवाह अपना बयान दर्ज कराना था, लेकिन वह पेश नहीं हुईं। उनके वकील ने व्यक्तिगत पेशी से छूट देने की मांग की। इस पर विशेष न्यायाधीश गगनदीप सिंह ने नाराजगी जताई और उनकी गैरमौजूदगी पर सवाल उठाए।
दिल्ली पुलिस ने अदालत को बताया कि नोरा को 22 अक्टूबर को ईमेल और व्हाट्सऐप के जरिए नोटिस भेजा गया था। उनसे फोन पर संपर्क करने की कोशिश भी की गई, लेकिन जवाब नहीं मिला। इसके बाद अदालत ने नया समन जारी करते हुए उन्हें 6 नवंबर को पेश होने का आदेश दिया।
## क्या है 200 करोड़ रुपये का मामला?
यह मामला कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़ा है। आरोप है कि उसने वर्ष 2020-21 के दौरान दिल्ली की रोहिणी जेल में रहते हुए खुद को बड़ा सरकारी अधिकारी बताकर पूर्व रैनबैक्सी प्रमोटर शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह से करीब 200 करोड़ रुपये की जबरन वसूली की थी। कथित तौर पर उसने उनके पति को जेल से बाहर निकलवाने में मदद का भरोसा दिया था।
## मामले में गवाह हैं नोरा फतेही
जांच के दौरान नोरा फतेही से भी पूछताछ की गई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी मुलाकात सुकेश से उसकी पत्नी लीना मारिया पॉल के जरिए हुई थी। चेन्नई में दिसंबर 2020 में आयोजित एक कार्यक्रम को लेकर भी उनसे सवाल किए गए थे। बाद में उन्हें मामले की तीसरी पूरक चार्जशीट में अभियोजन पक्ष के गवाह के रूप में शामिल किया गया।
इस हाईप्रोफाइल मामले में अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस का नाम भी सामने आया था और जांच एजेंसियों ने उनसे भी पूछताछ की थी। अब सभी की नजर 6 नवंबर की सुनवाई पर है, जब नोरा फतेही को अदालत में पेश होना है।