राजु मंडल रफ्तार मीडिया संवाददाता गांडेय
गांडेय के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गांडेय के तत्वावधान में प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में पल्स पोलियो अभियान-2026 के सफल संचालन को लेकर प्रखंड स्तरीय टास्क फोर्स ( बी एल टी एफ ) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख राजकुमार पाठक ने की। इस दौरान आगामी 22 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक संचालित होने वाले अभियान की तैयारियों, शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने, व्यापक प्रचार-प्रसार और अंतर-विभागीय समन्वय पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रमुख राजकुमार पाठक ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान नौनिहालों को दिव्यांगता से बचाने का एक सशक्त माध्यम है। इसे सफल बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य कर्मियों और संबंधित विभागों को पूरी निष्ठा से काम करना होगा, ताकि एक भी बच्चा खुराक से वंचित न रहे। प्रखंड विकास पदाधिकारी निशात अंजुम ने कहा कि अभियान की सफलता विभागों के आपसी समन्वय पर टिकी है। उन्होंने ग्रामीण इलाकों में सघन जागरूकता अभियान चलाने और निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। वहीं, अंचल अधिकारी ओम प्रकाश बड़ाईक ने कहा कि इस राष्ट्रीय अभियान को जनभागीदारी के जरिए ही सफल बनाया जा सकता है। इसके लिए पंचायत स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का सहयोग जरूरी है।
चिकित्सा प्रभारी डॉ. अबू काशिफ हसन ने तकनीकी तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने सूक्ष्म कार्ययोजना तैयार कर ली है। अभियान के दौरान बूथ और घर-घर जाकर शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को 'दो बूंद जिंदगी की' पिलाई जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की, कि वे अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलवाएं।
*टीबी उन्मूलन को लेकर प्रखंड स्तरीय फोरम की हुई चर्चा*
बैठक के दूसरे सत्र में प्रखंड स्तरीय टीबी फोरम का आयोजन किया गया। इसमें टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जनभागीदारी बढ़ाने, संभावित मरीजों की शीघ्र पहचान, समय पर जांच व निशुल्क उपचार सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने पंचायत स्तर पर बीमारी के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करने और मरीजों को सरकारी पोषण सहायता का लाभ दिलाने की बात कही।
बैठक में मुख्य रूप से प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक (बीपीएम) मोहन प्रसाद सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मी, महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रतिनिधि और विभिन्न पंचायतों के कर्मी उपस्थित थे।