रफ्तार मीडिया संवाददाता - बबलु मुश्ताक
राँची/नामकुम : सरला बिरला पब्लिक स्कूल, राँची में आयोजित दो दिवसीय अंतरविद्यालयीय वाणिज्य एवं व्यवसाय सम्मेलन ‘इंद्रप्रस्थ 2026’ के पाँचवें संस्करण का 4 नवंबर 2026 को सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस सम्मेलन ने विद्यार्थियों की उद्यमशील प्रतिभा, वित्तीय सूझ-बूझ, नवाचार की क्षमता तथा व्यावसायिक दृष्टिकोण को विकसित करने के लिए एक प्रभावशाली मंच प्रदान किया।
द्वितीय दिवस का शुभारंभ परिचयात्मक गतिविधि के साथ हुआ। इसके पश्चात बिडिंग, आईएमएफ तथा हैच-पिच जैसी चुनौतीपूर्ण एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बिडिंग प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने वस्तुओं एवं सेवाओं का मूल्यांकन करने, उपलब्ध संसाधनों का कुशलतापूर्वक उपयोग करने तथा सोच-समझकर जोखिम उठाते हुए निर्णय लेने की क्षमता का परिचय दिया। आईएमएफ गतिविधि के अंतर्गत विद्यार्थियों ने वैश्विक आर्थिक चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया तथा तार्किक विश्लेषण, संवाद और विचारों के आदान-प्रदान के माध्यम से प्रभावी समाधान एवं प्रस्ताव प्रस्तुत किए। वहीं, हैच-पिच प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपने अभिनव व्यावसायिक विचारों को प्रस्तुत करते हुए उन्हें वास्तविक जीवन की आवश्यकताओं से जोड़ने तथा उनकी व्यावहारिक उपयोगिता को प्रमाणित करने का प्रयास किया। प्रथम दिवस की बिजनेस बाजार, आईएमएफ तथा बुल्स एंड बियर्स जैसी गतिविधियों को आगे बढ़ाते हुए दूसरे दिन की इन प्रतियोगिताओं ने विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक परिस्थितियों में लागू करने का अवसर प्रदान किया। इन गतिविधियों के माध्यम से उनमें विश्लेषणात्मक चिंतन, तार्किक अभिव्यक्ति, प्रभावशाली संवाद, सामूहिक सहभागिता तथा विवेकपूर्ण निर्णय लेने जैसे महत्त्वपूर्ण कौशलों का विकास हुआ। बिडिंग प्रतियोगिता में विवेकानंद विद्या मंदिर ने प्रथम, डीपीएस रांची ने द्वितीय तथा निरजा सहाय डीएवी पब्लिक स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।आईएमएफ में सरला बिरला पब्लिक स्कूल ने ‘बेस्ट डेलीगेट‘ का सम्मान प्राप्त किया, जबकि ब्रिजफोर्ड पब्लिक स्कूल को ‘हाई रिकमेंडेशन‘ और सुरेंद्रनाथ सेंटेनरी स्कूल को ‘स्पेशल मेंशन‘ मिला। हैच-पिच में सुरेंद्रनाथ सेंटेनरी स्कूल टीम 1 ने पहला स्थान हासिल किया, और कैम्ब्रियन पब्लिक स्कूल दूसरे स्थान पर रहा। निरजा सहाय डीएवी पब्लिक स्कूल और सुरेंद्रनाथ सेंटेनरी स्कूल टीम 2 ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया। निरजा सहाय डीएवी पब्लिक स्कूल ‘ओवरऑल चंैपियन‘ बना। समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर धन्यवाद ज्ञापन के माध्यम से सभी सहभागी विद्यालयों, उनके साथ आए शिक्षकों तथा आयोजन को सफल बनाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मनीषा शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे सम्मेलन विद्यार्थियों को केवल व्यावसायिक ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उन्हें तथ्यों एवं प्रमाणों के आधार पर विचार करने, विभिन्न दृष्टिकोणों का सम्मान करने तथा अपने निर्णयों के प्रति उत्तरदायी बनने के लिए भी प्रेरित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसी नवोन्मेषी सोच विकसित करने का संदेश दिया, जो समाज की वास्तविक आवश्यकताओं को समझते हुए सार्थक समाधान प्रस्तुत कर सके। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि उद्यमशीलता का उद्देश्य केवल आर्थिक सफलता प्राप्त करना नहीं, बल्कि ईमानदारी, विवेकपूर्ण निर्णय क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ ऐसे प्रयास करना है, जो समाज के लिए स्थायी एवं सार्थक मूल्य सृजित कर सकें।