दीपचंद्र दीक्षित, ब्यूरो/फर्रुखाबाद। राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल के नवनियुक्त प्रदेश महासचिव अंकित तिवारी के प्रथम जनपद आगमन पर बुधवार को कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। लगभग 40–50 वाहनों के काफिले के साथ जनपद में प्रवेश करने पर विभिन्न स्थानों पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाएं पहनाकर, फूल वर्षा कर और जोरदार नारेबाजी के साथ उनका अभिनंदन किया। स्वागत कार्यक्रम के दौरान पूरे मार्ग पर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
प्रदेश महासचिव का सबसे पहले कायमगंज में गौरव मिश्रा के नेतृत्व में स्वागत किया गया। इसके बाद फैजबाग में शिवओम मिश्रा, हथियापुर में हिमांशु मिश्रा, पक्का पुल पर रामजी मिश्रा, चौक पर राजन दीक्षित एवं अनुपम दीक्षित, घुमना में शिवेंद्र बाजपेई, लाल दरवाजा पर अमन दुबे तथा कादरीगेट स्थित पार्टी जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष पंकज अवस्थी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
जनपद आगमन के दौरान अंकित तिवारी ने गुरुगांव देवी मंदिर पहुंचकर माँ भगवती की पूजा-अर्चना एवं आरती की और प्रदेश तथा जनपद की सुख-समृद्धि की कामना की।
जिला कार्यालय में आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव अंकित तिवारी ने कहा कि राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और विकास की सोच के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवाओं को अधिक से अधिक जोड़ने तथा जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन विस्तार में जुटने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष पंकज अवस्थी ने कहा कि प्रदेश महासचिव के आगमन से जिले के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में संगठन जिले में और अधिक मजबूत होगा तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य तेज़ी से किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला एवं नगर इकाई के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। स्वागत कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।