दीपचंद्र दीक्षित ब्यूरो
फर्रुखाबाद। बिजली चोरी की जांच करने पहुंचे विद्युत विभाग के अवर अभियंता (जेई) पर दबंगों ने हमला बोल दिया। बिजली चोरी पकड़े जाने के बाद जांच की कार्रवाई कर रहे जेई को आरोपियों ने पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और लात-घूंसों से जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान जेई के सरकारी कागजात भी छीन लिए गए। मारपीट में जेई के हाथ में फ्रैक्चर और आंख में चोट लगने का आरोप है। घटना से विद्युत विभाग के कर्मचारियों में भारी आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार 33/11 केवी उपकेंद्र डिवीजन फतेहगढ़ के अवर अभियंता मुख्तार हुसैन और विद्युत नगरीय उपखंड प्रथम फतेहगढ़ के उपखंड अधिकारी अजय कुमार को लोको रोड स्थित बरसाती गैरेज के पास बिजली चोरी की शिकायत मिली थी। दोनों अधिकारी दोपहर करीब दो बजे मौके पर जांच करने पहुंचे।
जांच के दौरान कथित रूप से बिजली चोरी पकड़े जाने पर जेई मुख्तार हुसैन चोरी के साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान भवन के मुखिया सुभाष चंद्र अहिरवार, उनके पुत्र रजत और अन्य परिजनों ने जांच का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने जेई को पकड़ लिया।
आरोप है कि दबंगों ने जेई के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। उन्हें जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा गया। इतना ही नहीं, जांच से संबंधित जेई के कागजात भी छीन लिए गए। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मारपीट में घायल जेई ने फतेहगढ़ कोतवाली में दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनकी आंख में चोट लगी है तथा दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हो गया है। उन्होंने यह भी बताया कि वह हृदय रोगी हैं। घटना के बाद घायल जेई को उपचार के लिए भेजे जाने की बात कही गई है।
जेई से मारपीट की घटना से बिजली विभाग में उबाल
ड्यूटी के दौरान विद्युत विभाग के अधिकारी पर हमला किए जाने की घटना से कर्मचारियों में जबरदस्त रोष है। विभागीय कर्मचारियों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि जांच और सरकारी कार्रवाई करने पहुंचे अधिकारियों के साथ इस तरह दबंगई की जाएगी तो बिजली चोरी के खिलाफ अभियान चलाना मुश्किल होगा।
जेई और उपखंड अधिकारी की ओर से संयुक्त रूप से कोतवाली फतेहगढ़ में शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।