रफ्तार मीडिया | दुमका

दुमका मसलिया प्रखंड के नयाडीह पंचायत अंतर्गत केंदुआटांड़ मैदान में नेहरू युवा क्लब की ओर से आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का गुरुवार को शानदार समापन हुआ। रोमांचक फाइनल मुकाबले में पुरुषों के वर्ग में एफसी एडेल बेड़ा और महिला वर्ग में एफसी सिस्टर इलेवन केंदुआटांड़ ने अपनी-अपनी प्रतियोगिताओं का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन मुख्य अतिथि के रूप में नयाडीह पंचायत की मुखिया नमिता चौड़े और जिला परिषद सदस्य मिनु मरांडी उपस्थित रहीं। पुरुष वर्ग का खिताबी मुकाबला एफसी एडेल बेड़ा और एफसी दोंदिया टोला के बीच खेला गया। दोनों ही टीमों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया, जिसका मैदान में मौजूद दर्शकों ने जमकर लुत्फ उठाया। एफसी एडेल बेड़ा ने उत्कृष्ट तालमेल और रणनीति का प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वी टीम को 3-0 से हराकर चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।विजेता टीम एफसी एडेल बेड़ा को जिला परिषद सदस्य मिनु मरांडी और मुखिया नमिता चौड़े ने संयुक्त रूप से ट्रॉफी तथा 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया। वहीं, उपविजेता टीम एफसी दोंदिया टोला को ग्राम प्रधान गोपाल चौड़े के हाथों 7 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।दूसरी ओर, टूर्नामेंट के महिला वर्ग में 9+2 गर्ल्स स्टार हथियापाथर तथा एफसी सिस्टर इलेवन केंदुआटांड़ की टीमों के बीच जोरदार भिड़ंत हुई। निर्धारित समय की समाप्ति तक दोनों ही टीमें बराबरी पर रहीं। इसके बाद मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ, जिसमें एफसी सिस्टर इलेवन केंदुआटांड़ ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 2 गोल से जीत दर्ज की। अतिथियों ने महिला वर्ग की विजेता व उपविजेता टीमों को भी शील्ड और पुरस्कार राशि देकर उनका उत्साहवर्धन किया।तीन दिनों तक चले इस खेल महोत्सव में कुल 16 पुरुष टीमों ने भाग लिया था। कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब अध्यक्ष राकेश हांसदा, सचिव शिवनाथ मुर्मू, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि गोपाली सिंह, झामुमो पंचायत अध्यक्ष भाविश्वल मरांडी, मिथुन यादव, भुटका चौड़े और राजेंद्र चोपियर की सराहनीय भूमिका रही। इस दौरान मैदान में खेल प्रेमियों की भारी भीड़ मौजूद थी।