हॉरर फिल्मों के शौकीनों के लिए एक नई फिल्म दस्तक देने जा रही है। बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ और शरद केलकर की आगामी हॉरर फिल्म 'काली खेती' का टीजर रिलीज हो गया है। फिल्म की कहानी एक ऐसे गांव के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां खेतों और जमीन के पीछे एक रहस्यमयी राज छिपा हुआ है।
**खेती बनेगी डर की वजह**
फिल्म के टीजर में गांव का माहौल रहस्यमयी और डरावना नजर आता है। आमतौर पर खेती को किसानों की रोजी-रोटी से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन इस फिल्म में खेत ही खौफ का केंद्र बने हुए हैं। गांव के लोग किस अनजाने डर के साये में जी रहे हैं और जमीन के नीचे कौन सा रहस्य छिपा है, इसका खुलासा अभी नहीं किया गया है।
**जैकी श्रॉफ और शरद केलकर की अहम भूमिका**
टीजर में जैकी श्रॉफ गंभीर अंदाज में दिखाई दे रहे हैं। वहीं शरद केलकर भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में नेहा सरगम, वीरेंद्र सक्सेना और शाजी चौधरी भी महत्वपूर्ण किरदार निभाते दिखाई देंगे।
फिल्म का लेखन और निर्देशन हरीस इम्तियाज खान ने किया है, जबकि सना खान इसकी निर्माता हैं। ब्लैककैनवस स्टूडियो के बैनर तले बनी यह फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
अब दर्शकों को इंतजार है कि गांव की मिट्टी में दफन यह रहस्य आखिर क्या है और फिल्म की कहानी डर की कौन सी नई दुनिया से रूबरू कराएगी।