झारखंड के गोड्डा जिले के सुंदरपहाड़ी स्थित एक मिशनरी स्कूल के फादर पर स्कूल में काम करने वाली आदिवासी महिला ने यौन शोषण और दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता की शिकायत पर सुंदरपहाड़ी थाने में फादर थामस सोरेन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, हालांकि अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. इस बीच महिला आयोग की पूर्व सदस्य ममता कुमारी ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है. दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता अपने पति के साथ रोजगार के सिलसिले में बाहर रहती थी. इसी दौरान तिलाबाद पंचायत स्थित मिशन स्कूल के फादर ने उसे स्कूल में काम देने का प्रलोभन देकर बुलाया और रसोइया के पद पर नौकरी दी. महिला का आरोप है कि इस दौरान उसका यौन शोषण किया गया और वह गर्भवती हो गई. पीड़िता के मुताबिक, इलाज के दौरान करीब 60 हजार रुपये खर्च होने की बात कही गई. आरोप है कि फादर ने इलाज में खर्च की गई रकम की वसूली महिला से करने की बात कही है. इतना ही नहीं, गर्भाशय की सफाई कराने से इनकार करने पर उसे नौकरी से निकालने की धमकी भी दी गई. वहीं इस मामले में गोड्डा के एसडीपीओ आकाश भारद्वाज ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है.