राजु मंडल /रफ्तार मीडिया संवाददाता
गांडेय थाना परिसर में शनिवार को आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित प्रबुद्धजनों एवं समिति के सदस्यों ने हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का संकल्प लिया।
बैठक के दौरान गांडेय अंचल के पुलिस इंस्पेक्टर कमलेश पासवान ने विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारियों से क्रमवार बातचीत की। उन्होंने पूजा के दौरान संभावित समस्याओं, मूर्ति विसर्जन की तिथि व समय, विसर्जन रूट तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।
गांडेय प्रमुख राजकुमार पाठक ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए प्रशासन से पूर्व के त्योहारों की तरह पुलिस मित्रों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने की मांग रखी। वहीं गांडेय बीडीओ निशार अंजुम ने सुरक्षा मानकों पर जोर देते हुए कहा कि सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समितियां पर्याप्त संख्या में वॉलिंटियर्स की तैनाती करें।
थाना प्रभारी आनंद प्रकाश सिंह ने स्पष्ट किया कि पूजा का आयोजन सरकारी गाइडलाइन के तहत ही होना चाहिए। उन्होंने विसर्जन के समय जलाशयों के पास पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था रखने का निर्देश दिया और बताया कि पूजा अवधि के दौरान पुलिस बल क्षेत्र में लगातार गश्त करता रहेगा।
बैठक में हाजी उस्मान, जयमंगल राय, मो. अकबर, राजकुमार दास आदि ने भी अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर मुख्य रूप से भैरव प्रसाद वर्मा, झरी पंडित, सुधीर कुमार गुप्ता, अरुण पांडेय, मो. आलम, एंथोनी स्वामी, रवि वर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।