संवाददाता रोहित कुमार/बिजनौर
बिजनौर जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में विकसित भारत-जी राम जी योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के माध्यम से अधिक से अधिक रोजगार सृजन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आगामी 12 अक्टूबर को आयोजित होने वाले विशेष रोजगार सृजन दिवस को भी प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक के दौरान योजना के प्रमुख उद्देश्यों एवं क्रियान्वयन की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि योजना का उद्देश्य 125 दिनों के गारंटीशुदा मजदूरी रोजगार के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, आवश्यकता आधारित सार्वजनिक कार्यों के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं का निर्माण करना तथा कृषि कार्यों और मजदूरी रोजगार के बीच संतुलन स्थापित करना है। इसके अंतर्गत कृषि के व्यस्त मौसम में खेतीहर श्रमिकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, ग्राम सभा के माध्यम से ग्राम पंचायतों द्वारा तैयार विकसित ग्राम पंचायत योजनाओं का एकीकरण कर संतृप्ति आधारित योजना बनाने तथा बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, रियल टाइम एमआईएस प्रणाली और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी आधुनिक तकनीकों के माध्यम से पारदर्शिता एवं जवाबदेही बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में बताया गया कि विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम के अंतर्गत कराए जाने वाले सभी कार्य विकसित ग्राम पंचायत योजनाओं के आधार पर निर्धारित किए जाएंगे। इन योजनाओं को ग्राम पंचायत स्तर से लेकर ब्लॉक, जिला एवं राज्य स्तर तक तैयार और समेकित किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति मिल सके।
समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि जनपद की कुल 1,123 ग्राम पंचायतों में से 739 ग्राम पंचायतों में कार्य प्रगति पर हैं, जबकि 384 ग्राम पंचायतों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारियों व संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन ग्राम पंचायतों में कार्यों की प्रगति संतोषजनक नहीं है, वहां विशेष ध्यान देते हुए सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा पात्र श्रमिकों को समय से रोजगार उपलब्ध कराने पर बल दिया।
अधिकारियों ने बताया कि योजना के अंतर्गत जनपद में श्रमिकों की ई-केवाईसी का कार्य 96.92 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। जिलाधिकारी ने शेष ई-केवाईसी कार्य को भी शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में जनपद के विभिन्न विकासखंडों में स्थित 520 तालाबों से संबंधित जानकारी भी प्रस्तुत की गई।
इसके अतिरिक्त बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के कार्यों की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत निर्धारित 2,764 आवासों के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 111 आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवास योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने तथा पात्र लाभार्थियों को शासन की मंशा के अनुरूप लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।