सरायकेला: सरायकेला स्थित हरि हर होटल में बुधवार को झामुमो सरायकेला प्रखंड एवं नगर कमिटी के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सह झामुमो केंद्रीय सदस्य गणेश महाली ने की। बैठक में केंद्र सरकार के खान और खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में पार्टी नेताओं ने प्रस्तावित संशोधन का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि इसके माध्यम से झारखंड के खनिज एवं प्राकृतिक संसाधनों पर राज्य के हक-अधिकार को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। नेताओं ने कहा कि झारखंड की अर्थव्यवस्था और यहां के लोगों के हितों से जुड़े प्राकृतिक संसाधनों पर राज्य के अधिकारों की रक्षा जरूरी है।इसी मुद्दे को लेकर सरायकेला प्रखंड परिसर में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। प्रखंड एवं नगर क्षेत्र से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और संगठन स्तर पर तैयारियां पूरी करने का निर्णय लिया गया।गणेश महाली ने कहा कि झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों पर राज्य के अधिकारों की रक्षा के लिए झामुमो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से धरना-प्रदर्शन में सक्रिय भागीदारी की अपील की।बैठक में हरि लोहार, मनोज चौधरी, अविनाश कवि सहित काफी कार्यकर्ता मौजूद रहे।