चंदन दुबे / बेरमो / रफ्तार मीडिया

दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बेरमो थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बेरमो के अंचलाधिकारी (सीओ), संजीत कुमार प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), मुकेश कुमार थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर नित्यानंद महतो सहित शांति समिति के सदस्य और विभिन्न वार्डों के पार्षद उपस्थित रहे। बैठक में त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारे को मजबूत करने और अफवाहों पर रोक लगाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने आम लोगों से दुर्गा पूजा का त्योहार आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर बिना सत्यापन के किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक संदेश को साझा करने से बचें, ताकि समाज में अनावश्यक तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो।
प्रशासन ने पूजा समितियों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा पूजा पंडालों और विसर्जन के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। साथ ही कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या, विवाद या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
अधिकारियों ने सभी समुदायों से एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने और आपसी सहयोग से त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की अपील की। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि दुर्गा पूजा के दौरान शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है।
प्रशासन का संदेश स्पष्ट है दुर्गा पूजा खुशियों, आस्था और आपसी सद्भाव का पर्व है। इसे मिल-जुलकर मनाएं, अफवाहों से दूर रहें और क्षेत्र में शांति एवं भाईचारे की मिसाल कायम करें।