लोकेशन: गिरिडीह/झारखंड/रफ्तार संवाददाता की रिपोर्ट
गिरिडीह: राधा स्वामी संगठन से जुड़े कथित करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी मामले में पचम्बा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस पूछताछ पूरी होने के बाद मुकेश सिन्हा, उनकी पत्नी अनिशा सिन्हा, सुमित सिन्हा और सुबोध सिंह को जेल भेजा गया।बताया गया कि मुकेश सिन्हा को संगठन का प्रदेश प्रभारी और अनिशा सिन्हा को जिला प्रभारी बताया जाता है। आरोप है कि अनुदान पर वाहन, कन्यादान योजना, लोन और फिक्स्ड डिपॉजिट सहित विभिन्न योजनाओं के नाम पर लोगों से कथित तौर पर करोड़ों रुपये लिए गए। बड़ी संख्या में लोगों के प्रभावित होने की बात भी सामने आ रही है। चारों आरोपियों के जेल जाने के बाद पुलिस जांच को लेकर भुक्तभोगियों की उम्मीदें बढ़ी हैं। उनकी मांग है कि फंसी राशि वापस दिलाने के साथ मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जाए। पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और तथ्य सामने आने की संभावना है।