मोतिहारी।
पिपराकोठी | ओमप्रकाश तिवारी
पिपराकोठी थाना क्षेत्र के बंगरी पुल के नीचे शराब पार्टी कर रहे दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग पुल के नीचे तीन मोटरसाइकिल लगाकर शराब का सेवन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष बृजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान मौके से किंगफिशर स्ट्रॉन्ग बीयर की 500 एमएल की तीन भरी बोतलें बरामद की गईं। पुलिस ने तीन मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना निवासी 22 वर्षीय अर्जुन सदर तथा पिपराकोठी थाना क्षेत्र निवासी 32 वर्षीय सद्दाम हुसैन के रूप में हुई है।
वहीं, पुलिस ने अलग कार्रवाई में पिपराकोठी थाना कांड संख्या 11/18 में लंबे समय से फरार चल रहे दो नामजद अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बंजरिया थाना क्षेत्र के गोकुला वार्ड संख्या छह निवासी रामेश्वर प्रसाद और संजीव कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार चारों गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में पु.अ.नि. शाहिल कुमार, परि.पु.अ.नि. आदित्य कुमार भारद्वाज, पु.अ.नि. रंजीत राम सहित थाना सशस्त्र बल शामिल रहे।