कुजू/रामगढ़। सेल इफ्को मरार प्लांट के जीएम कार्यालय गेट पर संयुक्त मोर्चा संगठन के बैनर तले ठेका मजदूरों द्वारा किया जा रहा अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन गुरुवार को देर रात समाप्त हो गया। सुबह से यह धरना मजदूरों के बोनस और अर्जित अवकाश (ईएल) के भुगतान की मांग को लेकर आयोजित किया गया था। प्रबंधन की ओर से भुगतान का आश्वासन मिलने के बाद मजदूरों ने धरना समाप्त करने की घोषणा की।
धरना स्थल पर प्लांट के महाप्रबंधक पी.के. गुप्ता, एचआर आनंद कुमार सिन्हा और वरीय प्रबंधक यश श्रीवास्तव पहुंचे। उन्होंने धरनारत मजदूरों को संबोधित करते हुए काम पर लौटने की अपील की। जीएम पी.के. गुप्ता ने आश्वासन दिया कि ठेकेदार के माध्यम से मजदूरों को 12 प्रतिशत बोनस का भुगतान हर हाल में कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बोनस के लिए पहले 240 दिनों की उपस्थिति की बात कही जा रही थी, लेकिन अब 180 दिनों की उपस्थिति पूरी करने वाले मजदूरों को बोनस का लाभ दिया जाएगा। इसके साथ ही 20 दिन के कार्य के बदले एक दिन के हिसाब से अर्जित अवकाश (ईएल) का भुगतान भी किया जाएगा।
महाप्रबंधक ने मजदूरों को भरोसा दिलाया कि सोमवार तक हर हाल में भुगतान करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि संभव है कि निर्धारित समय से पहले ही भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर ली जाए।
*मजदूरों के बकाया भुगतान पर संगठन सख्त*
धरना स्थल पर संयुक्त मोर्चा संगठन के संरक्षक खोगेन्द्र साव ने प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि मजदूर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रख रहे हैं, लेकिन उनकी शांति को कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए। मजदूरों की मेहनत की कमाई का भुगतान यदि ठेकेदार द्वारा रोकने या हड़पने की कोशिश की गई, तो संगठन इसका कड़ा विरोध करेगा। उन्होंने कहा कि सोमवार तक यदि एक भी मजदूर का बकाया पैसा नहीं मिला, तो प्लांट का गेट दोबारा बंद किया जाएगा। ऐसी स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।
वहीं, संयुक्त मोर्चा संगठन के संयोजक के.डी. मिश्रा और अध्यक्ष किशोर कुमार ने कहा कि संयंत्र के महाप्रबंधक केवल प्रबंधन के प्रमुख ही नहीं, बल्कि यहां काम करने वाले श्रमिकों के अभिभावक की भूमिका भी निभाते हैं। जब जीएम स्वयं मजदूरों से अनुरोध कर रहे हैं और भुगतान का आश्वासन दे रहे हैं, तो उनकी बात पर भरोसा करना संगठन का भी दायित्व है। इसी आधार पर उन्होंने धरना समाप्त करने की घोषणा की।
धरना समाप्त होने के बाद सभी मजदूर शांतिपूर्ण तरीके से अपने-अपने कार्य पर लौट गए। हालांकि, मजदूरों की नजर अब सोमवार तक होने वाले भुगतान पर टिकी है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि आश्वासन के अनुरूप भुगतान नहीं होने पर आगे आंदोलन किया जा सकता है।
*बड़ी संख्या में ठेका श्रमिक रहे मौजूद*
धरना-प्रदर्शन में प्लांट के विभिन्न विभागों के बड़ी संख्या में ठेका श्रमिक शामिल हुए। मौके पर संगठन के संरक्षक खोगेन्द्र साव, संयोजक के.डी. मिश्रा, सह-संयोजक राजू वर्मा, राजकिशोर सिंह और प्रकाश कुमार, अध्यक्ष किशोर कुमार, उपाध्यक्ष महेश यादव, कमलेश बेदिया, रामा यादव और विजय प्रसाद उपस्थित रहे।
इसके अलावा सचिव गुप्तेश्वर मिश्रा, सह-सचिव विजय प्रजापति, प्रदीप दुबे, धनंजय सिंह और हरिशंकर बेदिया, कोषाध्यक्ष महेश प्रजापति और दीपक कुमार सहित कार्यकारिणी सदस्य कमलेश पाण्डेय, जोबर महतो, चंदन मुखर्जी, अनिल पंडित, सुधीर कुमार महतो, सिकंदर गोप, कन्हैया यादव, वीरु करमाली, धनंजय शर्मा, डब्लू करमाली, सुदामा यादव, त्रिवेणी ठाकुर, श्याम रजक, नवीन मिश्रा, छतरी राजवार, उदय प्रसाद, अलाउद्दीन अंसारी, अरुण कुमार सिंह, रमेश महतो, अरुण कुमार और संतोष यादव समेत सैकड़ों मजदूर मौजूद रहे।