दिनेश कुमार पांडेय /रफ्तार ब्यूरो/ बोकारो
आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान और उन्हें सरकारी सेवाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन की पहल हम आपको सुनते हैं लोक संवाद प्रभावी साबित हो रही है। लोक संबाद में कुल 33 मामलों पर सुनवाई हुई।शुक्रवार को आयोजित लोक संवाद में चास निवासी दुलाल हलदार जमीन की ऑनलाइन लगान रसीद नहीं कटने की शिकायत डीसी के समक्ष लेकर पहुंचे।आवेदक ने बताया कि वे लंबे समय से रसीद निर्गत कराने के लिए कई बार अंचल कार्यालय गये। इस संबंध में पूर्व में भी कई बार आवेदन दिया गया था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था।
लोक संवाद में समस्या प्रकाश में आने के बाद उपायुक्त अजय नाथ झा ने मामले पर त्वरित संज्ञान लिया। उपायुक्त के निर्देश पर महज दो घंटे के भीतर उनकी जमीन की ऑनलाइन लगान रसीद काट दी गई। इससे लंबे समय से परेशान आवेदक को राहत मिली।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। ‘हम आपको सुनते हैं’ लोक संवाद के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं, ताकि समस्याओं का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।