फतह सिंह उजाला
गुरुग्राम 02 सितंबर । महिला सुरक्षा एवं पुलिस की ऑन-ग्राउंड मौजूदगी को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में गुरुग्राम पुलिस को Sona Comstar द्वारा Corporate Social Responsibility (CSR) के तहत 04 महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन प्रदान किए गए हैं। बुधवार शिवास कविराज , पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम, विवेक विक्रम सिंह एमडी Sona Comstar,  हितेश यादव पुलिस उपायुक्त दक्षिण/अपराध गुरुग्राम द्वारा इन वाहनों को पुलिस आयुक्त कार्यालय, गुरुग्राम से हरि झंडी दिखाकर रवाना किया गया है। ये वाहन गुरुग्राम में महिला सुरक्षा, त्वरित पुलिस सहायता, प्रभावी गश्त एवं सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
गुरुग्राम शहर में तेजी से बढ़ती आबादी एवं शहरी विस्तार को देखते हुए महिलाओं एवं आमजन की सुरक्षा के लिए पुलिस की मोबिलिटी, विजिबिलिटी तथा त्वरित रिस्पॉन्स क्षमता को मजबूत करना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से Sona Comstar द्वारा उपलब्ध कराए गए इन वाहनों का उपयोग गुरुग्राम पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा से संबंधित पुलिसिंग एवं अन्य आवश्यक पुलिस कार्यों में किया जाएगा।

इन वाहनों के माध्यम से महिला सुरक्षा के लिए  समर्पित गश्त, आपातकालीन प्रतिक्रिया, सामुदायिक सहभागिता एवं जनसंपर्क गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। पुलिस टीमें इन वाहनों की सहायता से संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर लगातार निगरानी एवं गश्त सुनिश्चित करेंगी। इन वाहनों को रिहायशी क्षेत्रों, बाजारों एवं व्यावसायिक केंद्रों, शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक परिवहन मार्गों तथा अन्य महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार तैनात किया जाएगा, जिससे किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित की जा सके।

महिला सुरक्षा के साथ-साथ ये वाहन आपातकालीन परिस्थितियों, कानून-व्यवस्था संबंधी स्थितियों, सार्वजनिक सहायता एवं सामुदायिक पुलिसिंग के दौरान भी पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक होंगे। इससे पुलिस की क्षेत्र में दृश्यता बढ़ेगी तथा जरूरतमंद नागरिकों तक पुलिस सहायता अधिक तेजी से पहुंच सकेगी।
Sona Comstar द्वारा CSR के माध्यम से गुरुग्राम पुलिस को उपलब्ध कराए गए इन 04 वाहनों के लिए गुरुग्राम पुलिस ने आभार व्यक्त किया है।

इस सहयोग से महिला सुरक्षा के लिए पुलिस की कार्यप्रणाली एवं आधारभूत संसाधनों को मजबूती मिलेगी तथा शहर में महिलाओं के लिए ओर अधिक सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के प्रयासों को गति मिलेगी। गुरुग्राम पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा एवं नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस की पहुंच, त्वरित प्रतिक्रिया एवं क्षेत्र में प्रभावी उपस्थिति को लगातार मजबूत किया जा रहा है। इस दिशा में Sona Comstar का सहयोग पुलिस एवं समाज के बीच बेहतर समन्वय तथा सुरक्षित एवं सशक्त गुरुग्राम के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान है।