डॉ विभूति सिंह/भागलपुर।

नवगछिया पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध नियंत्रण और अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नवगछिया पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस दौरान चोरी की सामग्री और भारी मात्रा में अवैध शराब भी बरामद की है।

1.झंडापुर थाना: हत्या के प्रयास का मुख्य आरोपी गिरफ्तार,झंडापुर थाना क्षेत्र के जयरामपुर गांव में बीते दिनों आपसी विवाद में एक व्यक्ति को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त मुख्य आरोपी शुभम कुमार (पिता- रंजक कुमार, साकिन- जयरामपुर) को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में संलिप्त तीन अन्य अभियुक्तों को पुलिस पहले ही रिमांड पर ले चुकी है।

2.खरीक थाना: चोरी के सामान के साथ अभियुक्त दबोचा,खरीक थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खरीक चौक के पास एक घर से एल्युमिनियम के बर्तन व अन्य सामान चोरी करने के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने कांड संख्या 269/26 के तहत नामजद अभियुक्त मो० एहसान (पिता- मो० जसीम उर्फ कारे साव, निवासी- खरीक बाजार) को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इसके पास से चोरी का एक एल्युमिनियम ट्रे और एक कुकर बरामद किया गया है।

3.रंगरा एवं भवानीपुर थाना: मारपीट के आरोपी गिरफ्तार,
रंगरा थाना ग्राम कोशीकीपुर में आपसी विवाद को लेकर गाली-गलौज और मारपीट करने के मामले (कांड संख्या 73/25) में पुलिस ने अभियुक्त रणधीर कुमार सिंह (पिता- रामानंद सिंह, साकिन- कोशीकीपुर) को गिरफ्तार किया है।
भवानीपुर थाना: नवटोलिया लौट रहे एक युवक के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी करने के मामले (कांड संख्या 695/23) में पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी ऋषभ कुमार (पिता- अजय चौधरी, साकिन- मौजमाबाद) को दबोच लिया है।अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

4.मद्य निषेध अभियान: 25.25 लीटर देसी शराब बरामद,नशा मुक्ति अभियान के तहत पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की:नदी थाना पुलिस ने रिंग बांध ढोढ़िया से 05 लीटर देसी शराब बरामद की (कांड संख्या 44/26)।नवगछिया थाना पुलिस ने एनएच 31 स्थित हीरो शोरूम के सामने से 20.25 लीटर देसी शराब जब्त की (कांड संख्या 353/26)। पुलिस शराब तस्करों को चिन्हित कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।