राफ्तार मीडिया/खलारी :खलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत राजकीयकृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय बमने में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है और विद्यालय से चोरी गया सारा सामान भी बरामद कर लिया है।27 जुलाई को अज्ञात चोरों द्वारा विद्यालय का ताला तोड़कर सामान की चोरी किए जाने के संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर खलारी थाना प्रभारी राम कुमार वर्मा के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम में
पु०अ०नि० शंकर राम, पु०अ०नि० कपिलदेव यादव सहित अन्य पुलिस बल शामिल थे।
मोबाइल दुकान से बरामद हुआ सामान
गुप्तचरों और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने बमने निवासी राजकुमार ठाकुर को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार किया और चोरी का सामान बुढ़मू बाजार स्थित 'अनुप्रिया मोबाइल केयर' के संचालक लक्ष्मण कुमार के पास बेचने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने लक्ष्मण कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने इस घटना में एक अन्य आरोपी की संलिप्तता भी स्वीकार की है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।बरामद सामानों की सूची में मोबाइल फोन टैब: 10 पीस हेडफोन: 08 पीस,मोबाइल फोन: 01 पीस,वाटर कूलर: 01 पीस,केंट आरओ वाटर प्यूरीफायर: 01 पीस,पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।