बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयान से फिर एक बार सियासी घमासान छिड़ गया है. मुख्यमंत्री के 'बिहार में क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं' वाले बयान पर तंज की बारिश हो रही है. ऐसे में राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारी अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी सम्राट चौधरी समेत भाजपा पर तीखा हमला बोला है. तेजस्वी ने मुख्यमंत्री के बयान का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए उन्हें 'नमूना' करार दिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी सवाल उठाए.
दरअसल, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को दिल्ली में बिहार सरकार और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के बीच आयोजित एक समझौता ज्ञापन (MoU) कार्यक्रम में शामिल हुए थे. इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद थे. इसी दौरान बिहार की कानून-व्यवस्था पर बात करते हुए सम्राट चौधरी ने दावा किया कि राज्य में अपराध की अवधारणा ही खत्म हो चुकी है. उन्होंने कहा कि बिहार में क्राइम हो सकते हैं, लेकिन अपराध नहीं है और अब कोई अपराधी नहीं है. मुख्यमंत्री का यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया.
तेजस्वी यादव ने इस बयान पर पलटवार करते हुए लिखा कि बिहार में 'Crime' हो सकता है, 'अपराध' नहीं! उन्होंने मुख्यमंत्री पर सात हत्याओं से जुड़े मामले का आरोप लगाते हुए सवाल किया कि मंच पर बैठे IAS और IPS अधिकारी इनके साथ काम करके खुद को सम्मानित महसूस कर रहे हैं या अपमानित? तेजस्वी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी निशाने पर लेते हुए पूछा कि क्या उन्होंने सम्राट चौधरी के हाथों बिहार को बर्बाद कराने की सुपारी दे रखी है? इस बयान के बाद बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है. वहीं, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इस पुराने मामले में खुद को गलत तरीके से फंसाए जाने की बात कहते रहे हैं.