पश्चिम बंगाल की राजनीति में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की रैली में ममता बनर्जी की भागीदारी को लेकर सुवेंदु अधिकारी ने उन पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ममता बनर्जी अब दिल्ली में ही राजनीति करें, बंगाल में उन्हें कोई नहीं बुलाएगा. सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी के राजनीतिक भविष्य पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस व्यक्ति को दुर्गा पूजा समिति तक ने नहीं बुलाया, उसे बंगाल की जनता कैसे स्वीकार करेगी. उन्होंने दावा किया कि राज्य में ममता बनर्जी के लिए अब कोई राजनीतिक जगह नहीं बची है. सुवेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस के भविष्य को लेकर भी बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि वह पहले ही कह चुके हैं कि चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस का अस्तित्व नहीं रहेगा. उन्होंने पार्टी और उसके चुनाव चिह्न के भविष्य पर भी सवाल उठाए. साथ ही कहा कि राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा. दरअसल, 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन ने SIR और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर रैली आयोजित की. इसमें ममता बनर्जी भी शामिल हुईं. उन्होंने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए विपक्षी दलों से एकजुट होने की अपील की थी. ममता ने कहा था कि मतदान का अधिकार खतरे में होने पर चुप नहीं रहा जा सकता.