मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में गैस पाइपलाइन विस्फोट की घटना के बाद एक बार फिर इलाके में दहशत फैल गई। गोबरसही-डुमरी मुख्य मार्ग पर बुधवार को दोबारा गैस रिसाव होने से स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गैस की तेज गंध फैलते ही लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए।
जानकारी के अनुसार, दो नवंबर को गोबरसही-डुमरी रोड पर नाला निर्माण के दौरान खुदाई करते समय जमीन के नीचे बिछी पीएनजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद गैस का रिसाव हुआ और जोरदार विस्फोट के साथ आग लग गई थी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे। हादसे में आसपास के मकान और दुकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा था। 
दोबारा गैस रिसाव से लोगों में दहशत
बुधवार को उसी इलाके में फिर गैस रिसाव की सूचना मिली। स्थानीय लोगों के अनुसार, हवा में गैस की गंध फैलते ही लोग घरों से बाहर निकलने लगे। सूचना मिलने पर प्रशासन और संबंधित गैस कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
आईओसीएल के अधिकारियों के मुताबिक, गैस आपूर्ति दोबारा शुरू करने से पहले पाइपलाइन की तकनीकी जांच की जा रही थी। इसी दौरान रिसाव सामने आया। एहतियात के तौर पर गैस की सप्लाई बंद कर दी गई है।

हादसे की जांच के लिए SIT गठित
वहीं, पहले हुए विस्फोट की जांच के लिए पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। टीम पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की परिस्थितियों और संभावित लापरवाही की जांच कर रही है। एफएसएल टीम भी घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा चुकी है