दीपचंद्र दीक्षित ब्यूरो

फर्रुखाबाद। समेचीपुर चितार में बाढ़ की स्थिति के बीच जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान को गंभीरता से संचालित करते हुए रेस्क्यू अभियान पूरा कराया। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ ही उनके लिए राहत सामग्री, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई।

रेस्क्यू अभियान के बाद प्रशासनिक टीमों ने प्रभावित परिवारों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और जरूरत के अनुसार तत्काल सहायता उपलब्ध कराई। बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वच्छता और आश्रय सहित जरूरी सुविधाओं को व्यवस्थित किया गया है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत शिविरों में व्यवस्थाएं लगातार दुरुस्त रखी जाएं और किसी भी प्रभावित परिवार को परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासन की ओर से गुणवत्तायुक्त, स्वच्छ और पर्याप्त भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। भोजन की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था की भी निगरानी की जा रही है।

अधिकारियों और राहत टीमों को क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहने तथा बाढ़ की स्थिति पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के लिए टीमें तैयार रखी गई हैं। प्रशासन का कहना है कि प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।