जमशेदपुर/चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक होटल परिसर में दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। टेंथ माइल स्टोन होटल में बैठक के बाद बाहर निकले होटल कारोबारी निखार सबलोक पर दो हथियारबंद अपराधियों ने अचानक फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, कदमा निवासी निखार सबलोक अपने कुछ दोस्तों के साथ कारोबार से संबंधित बैठक के लिए होटल पहुंचे थे। बैठक समाप्त होने के बाद वह सीढ़ियों से उतरकर अपनी गाड़ी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पहले से होटल परिसर में मौजूद दो अपराधियों ने उन पर लगातार गोलियां चला दीं।

अचानक हुई फायरिंग से होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। निखार को कई गोलियां लगीं। गोलीबारी के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। उनके साथ मौजूद दोस्तों ने आनन-फानन में घायल निखार को टीएमएच अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटनास्थल से 9 खोखे बरामद

घटना की सूचना मिलने के बाद चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से 9 खोखे बरामद किए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

भाजपा से भी जुड़े थे निखार

निखार सबलोक होटल कारोबार से जुड़े होने के साथ भाजपा से भी जुड़े बताए जा रहे हैं। उन्हें विधायक सरयू राय का करीबी भी बताया जाता है। हालांकि हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या है और वारदात को किसके इशारे पर अंजाम दिया गया, इसकी पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

दिनदहाड़े होटल परिसर में हुई इस गोलीबारी और हत्या के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।