रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को मिहिजाम नगर के वार्ड संख्या पांच में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। भाजपा नगर अध्यक्ष लोकेश महतो की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने बीपी, शुगर और हीमोग्लोबिन की जांच कराई। चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयदीप मलिक के नेतृत्व में सीएचओ बबली गोराई, एचएम रियाजुद्दीन अंसारी, एएनएम खुशबू गुप्ता और फार्मासिस्ट श्याम किशोर रविदास ने मरीजों की जांच कर चिकित्सकीय परामर्श दिया व दवाएं वितरित कीं। भाजपा नेता मनीष दुबे और नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष कमल गुप्ता ने कहा कि शिविर का उद्देश्य लोगों को सेहत के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ भारत के संकल्प को मजबूत बनाना है। भाजयुमो जिलाध्यक्ष कुणाल सिंह ने संतुलित खानपान, कम तेल-मसाले के सेवन और नियमित जांच पर जोर दिया। कार्यक्रम संयोजक मितेश साह ने बताया कि अभियान के तहत आगे भी कई जनसेवा कार्यक्रम होंगे। शिविर को सफल बनाने में पार्षद प्रतिनिधि, समाजसेवी का सराहनीय योगदान रहा।