रांची: वियतनाम में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले रांची निवासी राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर शनिवार को भारत लाया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने विदेश मंत्रालय और हनोई स्थित भारतीय दूतावास के साथ समन्वय कर उनके शव को स्वदेश लाने की प्रक्रिया पूरी कराई।

राजा कुमार वर्मा रांची के कैलाश नगर के रहने वाले थे और वियतनाम में योग प्रशिक्षक (Yoga Trainer) के रूप में काम कर रहे थे। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। इसके बाद परिजनों ने राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष से शव को भारत लाने में मदद की अपील की थी।

मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने भारत सरकार के विदेश मंत्रालय, हनोई स्थित भारतीय दूतावास और वियतनाम के संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया। जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर हनोई से कोलकाता एयरपोर्ट लाया गया।

कोलकाता एयरपोर्ट पर जरूरी दस्तावेजी प्रक्रिया (Documentation) पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर को रांची स्थित पैतृक आवास पहुंचाने के लिए रांची जिला प्रशासन ने नि:शुल्क एम्बुलेंस की व्यवस्था की।

परिजनों को मिलेगी ₹5 लाख की सहायता

मुख्यमंत्री के निर्देश पर श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग की ओर से मृतक के आश्रित को मुख्यमंत्री झारखंड अंतरराष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान योजना के तहत ₹5 लाख की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।