भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव का असर अब हवाई सफर और विमानन कंपनियों के कारोबार पर भी पड़ रहा है। पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर रखा है। इसका सबसे ज्यादा असर एयर इंडिया पर देखने को मिल रहा है। कंपनी के पूर्व CEO कैम्पबेल विल्सन ने अनुमान लगाया था कि लंबे समय तक पाबंदी जारी रहने पर एयर इंडिया को सालाना करीब 5,000 करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है।

दरअसल, 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया था। इसके बाद 24 अप्रैल 2025 को पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपना हवाई रास्ता बंद कर दिया। इस पाबंदी को बढ़ाकर 24 नवंबर 2026 तक कर दिया गया है।

**लंबा रास्ता यानी ज्यादा खर्च**

पाकिस्तान का एयरस्पेस बंद होने के कारण एयर इंडिया की यूरोप और अमेरिका जाने वाली कई उड़ानों को अब लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। पहले दिल्ली से लंदन और अमेरिका जाने वाले विमानों को पाकिस्तान के ऊपर से छोटा रास्ता मिलता था। अब उन्हें अरब सागर और ओमान की दिशा से होकर गुजरना पड़ता है।

इससे विमानों का उड़ान समय बढ़ता है, ज्यादा एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) खर्च होता है और पायलट समेत अन्य क्रू के ऑपरेशनल खर्च भी बढ़ जाते हैं। कुछ उड़ानों में ईंधन भरने के लिए अतिरिक्त स्टॉपेज की जरूरत भी पड़ती है।

सितंबर 2026 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली से शिकागो की उड़ान का रास्ता पहले करीब 12,500 किलोमीटर था, जो वैकल्पिक मार्ग से बढ़कर लगभग 15,000 किलोमीटर हो गया। यानी करीब 2,500 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी।

**विदेशी एयरलाइंस को क्यों मिल रहा फायदा?**

पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए एयरस्पेस बंद किया है, विदेशी विमानों के लिए नहीं। ऐसे में ब्रिटिश एयरवेज, लुफ्थांसा और दूसरी विदेशी एयरलाइंस पाकिस्तान के ऊपर से उड़ान भर सकती हैं। इससे उन्हें कम दूरी, समय और ईंधन का फायदा मिलता है।

एयर इंडिया के सामने पाकिस्तान के एयरस्पेस की पाबंदी के साथ-साथ मिडिल ईस्ट में तनाव और महंगे विमान ईंधन की चुनौती भी है।

फिलहाल एयर इंडिया वैकल्पिक रूट और उड़ानों के शेड्यूल में बदलाव कर खर्च कम करने की कोशिश कर रही है। लेकिन जब तक पाकिस्तान का एयरस्पेस बंद रहेगा, तब तक कंपनी को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में अतिरिक्त समय और खर्च का सामना करना पड़ सकता है।