पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा के जयपुर कॉन्सर्ट में उस वक्त हंगामा मच गया, जब एक शख्स सुरक्षा व्यवस्था तोड़कर अचानक मंच पर चढ़ गया। गाना गा रहीं सुनंदा शर्मा ने जैसे ही शख्स को अपने सामने देखा, वह घबरा गईं और जोर से चीख पड़ीं। घटना के बाद कुछ देर के लिए कार्यक्रम रोकना पड़ा। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, जयपुर में आयोजित कॉन्सर्ट में सुनंदा शर्मा अपने लोकप्रिय गानों से दर्शकों का मनोरंजन कर रही थीं। इसी दौरान सफेद शर्ट पहने एक शख्स अचानक मंच पर चढ़ गया और सीधे सिंगर के सामने पहुंच गया। अचानक हुई इस हरकत से सुनंदा शर्मा घबरा गईं। उनके चेहरे पर डर साफ नजर आया और वह चीख पड़ीं।
सिंगर की चीख सुनते ही सुरक्षाकर्मी तुरंत हरकत में आ गए। उन्होंने शख्स को पकड़कर मंच से नीचे उतारा। इस दौरान सुनंदा शर्मा बार-बार 'कोई बात नहीं, कोई बात नहीं' कहती नजर आईं। हालांकि, इस घटना से कार्यक्रम का माहौल कुछ देर के लिए बदल गया और उनकी परफॉर्मेंस रोकनी पड़ी।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। सुनंदा शर्मा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर जयपुर कॉन्सर्ट के कई वीडियो साझा किए हैं, जिनमें वह प्रशंसकों से मिले प्यार के लिए उनका शुक्रिया अदा करती दिख रही हैं। हालांकि, मंच पर अचानक शख्स के पहुंचने की घटना पर उन्होंने अब तक कोई अलग बयान नहीं दिया है।
सुनंदा शर्मा पंजाबी संगीत जगत की जानी-मानी गायिका और अभिनेत्री हैं। 'दूजी वार प्यार', 'मोरनी' और 'जट यमला' जैसे गानों से उन्हें खास पहचान मिली है। सोशल मीडिया पर भी उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है। जयपुर कॉन्सर्ट की इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक कार्यक्रमों में कलाकारों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।