फतह सिंह उजाला
गुरुग्राम। अपनी - अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल किए हुए दमकल और निकाय सफाई कर्मचारी की हड़ताल का इनेलो के द्वारा समर्थन किया गया। बुधवार को इनेलो सुप्रीमो चौधरी अभय सिंह चौटाला की पत्नी श्रीमती कांता चौटाला पटौदी जाटोली मंडी परिषद के हड़ताली दमकल और सफाई कर्मचारी के बीच पटौदी बैडमिंटन कोर्ट में चल रहे धरने पर पहुंची।
इस मौके पर उन्होंने दमकल और निकाय सफाई कर्मचारीयों से उनकी लंबित मांगों के विषय में विस्तार से जानकारी ली। दमकल विभाग की तरफ से प्रधान सतपाल, सुभाष शर्मा, फायरमैन अनिल, फायरमैन दिलीप, फायरमैन पवन, फायरमैन मनोज, फायरमैन तिभागदीप, अनिल, जय भगवान, सुनील, अंकित सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे । इसी प्रकार से पटौदी जाटोली मंडी परिषद जोन एक में सफाई कर्मचारियों के प्रधान मदनलाल सहित अन्य आंदोलनकारी कर्मचारी भी मौजूद रहे।
श्रीमती कांता चौटाला ने आंदोलनकारी हड़ताली कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को इंडियन नेशनल पार्टी के द्वारा हरियाणा विधानसभा में प्रमुखता से उठाया जाएगा। इतना ही नहीं हरियाणा की भाजपा सरकार से कर्मचारियों की सभी जायज मांगों को पूरा किया जाने के लिए विधानसभा और विधानसभा से बाहर भी पार्टी और पार्टी नेता अपने स्तर पर बात करेंगे। इसी मौके पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों का ही परिणाम है ,आज अधिकांश सरकारी विभागों के कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर हड़ताल के लिए मजबूर हो रहे हैं।
बाद में पत्रकारों से बात करते हुए दमकल विभाग के आंदोलनकारी कर्मचारियों ने बताया कि उनकी मुख्य मांगों में फरीदाबाद हादसे में जान गंवाने वाले दो कर्मचारी भवि चंद शर्मा और रणवीर सिंह को सरकार के द्वारा शहीद का दर्जा दिया जाए। इसके साथ ही पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और यूनियन की मांग के मुताबिक आर्थिक मदद या मुआवजा का भुगतान किया जाए। कर्मचारियों ने बताया कि जो भी कच्चे कर्मचारी है , उनको पक्का किया जाए। 5 साल से कर्मचारियों के वेतन में एक पैसे की भी बढ़ोतरी नहीं की गई है, जबकि महंगाई दिन प्रतिदिन बढ़ती चली जा रही है । कर्मचारियों को किसी भी प्रकार की मेडिकल सुविधा और भत्ते का भी भुगतान नहीं किया जा रहा है।