दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा 

जामताड़ा समाहरणालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं की प्री एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना से संबंधित जिला स्तरीय अनुमोदन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। बैठक में विभिन्न शैक्षणिक सत्रों के प्राप्त छात्रवृत्ति आवेदनों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के शैक्षणिक सत्र 2026-27 के कुल 52,675 तथा सत्र 2025-26 के शेष 1,404 आवेदनों पर विमर्श किया गया। वहीं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति सत्र 2025-26 के तहत राज्य के अंदर के 32 विभिन्न संस्थानों के 7,270 तथा राज्य के बाहर अध्ययनरत 68 छात्र-छात्राओं के आवेदनों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त आलोक कुमार ने छात्रवृत्ति भुगतान में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा केवल योग्य एवं अहर्ताधारी विद्यार्थियों को योजना का लाभ देने का निर्देश दिया। उन्होंने प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के तहत प्रत्येक प्रखंड के दो-दो विद्यालयों का रैंडम भौतिक सत्यापन कराने को कहा। इसी प्रकार पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति से जुड़े शैक्षणिक संस्थानों की भी जांच करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने बीईईओ एवं बीडब्ल्यूओ को जांच पूरी कर एक सप्ताह के अंदर जांच प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया, ताकि आवेदनों का नियमानुसार अनुमोदन कर शीघ्र छात्रवृत्ति स्वीकृत की जा सके। मौके पर उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, सिविल सर्जन डॉ एस के मिश्र, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित मौजूद रहे।