मोतिहारी | ओमप्रकाश तिवारी

मोतिहारी। जिलाधिकारी, पूर्वी चम्पारण की अध्यक्षता में शनिवार को शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को अपने-अपने प्रखंड के विद्यालयों में संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों का नियमित अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया।

डीएम ने विद्यालयों में उपलब्ध कराई गई सामग्रियों का समुचित उपयोग सुनिश्चित कराने तथा गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ करना है, इसलिए निरीक्षण सुधारात्मक दृष्टिकोण से किया जाए।

विद्यालयों में कक्षा संचालन के लिए निर्धारित समय-सारणी का पालन कराने और इसकी जानकारी छात्र-छात्राओं को भी देने का निर्देश दिया गया। शिक्षकों को नियमित रूप से पाठ टीका संधारित करने तथा बच्चों का मूल्यांकन कर उसके परिणाम के आधार पर कक्षा संचालन की रणनीति निर्धारित करने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान पदाधिकारियों को बच्चों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन करने का भी निर्देश दिया गया। साथ ही विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, प्रयोगशाला, पुस्तकालय एवं खेल सामग्री का नियमित उपयोग सुनिश्चित कराने और नोट कैम से तस्वीर लेकर भेजने को कहा गया।

बैठक में विद्यालयों में कराए जा रहे असैनिक एवं निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। सभी असैनिक कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा अभियंताओं को नियमित रूप से निर्माण कार्यों का अनुश्रवण कर गुणवत्ता सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।