पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में मंत्री दिलीप घोष ने राज्य की राजनीति को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बयान के संदर्भ में उन्होंने कहा कि बंगाल में अब राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियां बदल चुकी हैं. जनता लंबे समय से राज्य में ‘जय श्री राम’ का नारा लगाने की आजादी का इंतजार कर रही थी. अब लोग खुलकर धार्मिक नारे लगा रहे हैं और भगवान की पूजा कर रहे हैं. दिलीप घोष ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में ‘जय श्री राम’ का नारा लगाने वालों को पुलिस पकड़कर जेल में डाल देती थी और उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता था. उन्होंने कहा कि मौजूदा बदलाव जनता की इच्छा और उसके फैसले का परिणाम है. ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह दो चुनावों में हार चुकी हैं और बंगाल की जनता अब उन्हें स्वीकार नहीं कर रही है. पिछली बार उनकी पार्टी की जीत के बाद वह मुख्यमंत्री बनी थीं, लेकिन इस बार उनकी पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब बंगाल में ही ममता के लिए जगह नहीं बची है, तो वह दिल्ली में किस आधार पर राजनीति कर रही हैं. वहीं, राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए दिलीप घोष ने आरोप लगाया कि वह विदेशी ताकतों और इशारों पर देश में अशांति फैलाने तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि खराब करने का काम कर रहे हैं. नशे की समस्या पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि ड्रग्स का बढ़ता इस्तेमाल पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती है. युवा पीढ़ी इसकी चपेट में आ रही है. उन्होंने लोगों से सरकार का सहयोग करने और युवाओं को नशे से बचाने की अपील की.