अनगड़ा/सिकिदिरी : दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था और आपसी सौहार्द बनाए रखने को लेकर शनिवार को सिकिदिरी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। थाना प्रभारी बम शंकर यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में दोनों समुदायों के गणमान्य लोगों, दुर्गा पूजा समिति व अंजुमन कमेटी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने हिस्सा लिया। उपस्थित लोगों ने पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने को लेकर पुलिस प्रशासन को कई सुझाव दिए। सिल्ली डीएसपी मनीष चंद्र लाल ने कहा कि दुर्गा पूजा जिला प्रशासन की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार ही मनाएं। ऐसा कोई कार्य नहीं करें, जिससे किसी की भावना आहत हो। उन्होंने लोगों से अफवाहों से सावधान रहने और किसी भी सूचना की सत्यता की पहले जांच करने की अपील की।अफवाह या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने को कहा। थाना प्रभारी बम शंकर यादव ने कहा कि अफवाह फैलाकर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने, इंटरनेट मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने और डीजे पर उत्तेजक गाने बजाने वालों पर पुलिस की नजर रहेगी। ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पूजा समितियों को पंडालों में समिति सदस्यों का सुरक्षा दस्ता तैनात करने, पुलिस प्रशासन के संपर्क में रहने और सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया।पूजा के दौरान नशापान पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।नशे में हुड़दंग करने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। बैठक में एसआई बरुण कुमार हजाम, सुधीर सिंह, पूर्व उपप्रमुख मुंतजिर अहमद रजा, अनगड़ा के विधायक प्रतिनिधि श्रवण कुमार मुंडा, मुखिया राजेंद्र बेदिया, खालिक खान, निर्मल करमाली, भुवनेश्वर बेदिया, बालेश्वर बेदिया, सहदेव बेदिया, नंदलाल राम और शिवधर रजवार सहित कई लोग उपस्थित थे। लोगों ने क्षेत्र में सभी पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिया।